Wednesday, October 21st, 2026

एसआईटी जांच के लिए दिल्ली हाईकोर्ट पहुंचा मृतक किसान नवरीत सिंह का परिवार

नई दिल्ली 
गणतंत्र दिवस के दिन किसानों की ट्रैक्टर परेड के दौरान दिल्ली के आईटीओ पर कथित तौर पर ट्रैक्टर पलटने से मरे 25 वर्षीय किसान नवरीत सिंह  के परिवार ने बुधवार को दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर कर अदालत की निगरानी में घटना की एसआईटी जांच कराने का अनुरोध किया है। मृतक नवरीत सिंह के दादा हरदीप सिंह की ओर से हाईकोर्ट में दायर याचिका गुरुवार को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध होने की उम्मीद है। हरदीप सिंह ने अपनी याचिका में कहा है कि अपने पोते की मौत की सही और निष्पक्ष जांच एवं न्याय पाने के साथ सच्चाई जानने का उन्हें अधिकार है।

पुलिस के मुताबिक, नवरीत सिंह की मौत आईटीओ पर ट्रैक्टर पलटने की वजह से हुई थी जो पूर्व निर्धारित ट्रैक्टर परेड के रास्ते से इतर गाजीपुर बॉर्डर से प्रदर्शन के लिए कई किसानों के साथ वहां पहुंचा था। घटना के बारे में पुलिस का दावा है कि नवरीत सिंह ट्रैक्टर पलटने से उसके नीचे दब गया था, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि, याचिका में कहा गया है कि मीडिया को चश्मदीदों द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, नवरीत अपना ट्रैक्टर चला रहा था और जब वह नई दिल्ली स्थित आंध्र एजुकेशन सोसाइटी के पास से गुजरा तो पुलिस ने कथित तौर पर गोली चलाई जिससे उसने नियंत्रण खो दिया और उसका ट्रैक्टर कुछ बैरिकेड्स से टकराकर पलट गया।

वकील वृंदा ग्रोवर, सौतिक बनर्जी, मन्नत टिपनिस एवं देविका तुलसीयानी के माध्यम से दायर याचिका में नवरीत के दादा ने अनुरोध किया है कि अदालत द्वारा नियुक्त एवं निगरानी वाली विशेष जांच टीम (एसआईटी) मामले की जांच करे जिसमें उन पुलिस अधिकारियों को शामिल किया जाए जिनका बेदाग करियर रहा हो और जो ईमानदार एवं कुशल हों।उन्होंने अदालत से अनुरोध किया कि एसआईटी को नियमित तौर पर प्रोग्रेस रिपोर्ट अदालत के समक्ष दाखिल करने का निर्देश दिया जाए ताकि समयबद्ध तरीके से अदालत की निगरानी में जांच पूरी हो सके। 
 

 

#

Source : Agency

पाठको की राय